चंद्रहास वैष्णव 
भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रूप से मनाने को लेकर सर्व समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सोमवार, 06 अप्रैल 2026 को सर्व आदिवासी समाज के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक समाज सहित सभी वर्गों के प्रमुखों ने भाग लिया।
बैठक में बाबा साहब की 135वीं जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने, पूजा-पाठ, रैली एवं अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 14 अप्रैल को सभी ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर सुबह 10 बजे से 1 बजे तक स्थानीय स्तर पर जयंती कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके पश्चात बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग स्थित बाबा साहब की स्मृति स्थल पर दोपहर 3 बजे से विशाल रैली एवं नगर भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने जिले एवं संभाग के सभी समाज के लोगों से बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
मुख्य कार्यक्रम जगदलपुर में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा, जहां बाबा साहब के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। दोपहर 12 बजे से वक्ताओं द्वारा संविधान, बाबा साहब के जीवन संघर्ष और समाज की एकता पर विचार व्यक्त किए जाएंगे। इसके साथ ही संविधान की रक्षा का संकल्प भी लिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान दोपहर 2 बजे सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी चौक-चौराहों को नीले झंडों एवं फ्लेक्स से सजाया जाएगा, ताकि जयंती को उत्सव के रूप में मनाया जा सके।
इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के संभागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर, अनुसूचित जाति समाज के जिलाध्यक्ष विक्रम लहरे, ओबीसी महासभा के संभागीय अध्यक्ष दिनेश यदु, बौद्ध समाज के अध्यक्ष पी.डी. मेश्राम, आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष गंगाराम नाग, ओबीसी महासभा अल्पसंख्यक मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष हरीश पारख सहित नरेंद्र रंगारे, लखपति बोरकर एवं अन्य समाज प्रमुख उपस्थित रहे।
