चंद्रहास वैष्णव
जगदलपुर। शहर में सोमवार की देर शाम एक आदतन अपराधी ने शहर के दो युवकों पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया है। बताया जाता है कि दोनों युवक शहर के समुंद चौक के पास गोवर्धन चौक स्थित सैलून में शेविंग करवा रहे थे। इसी बीच आदतन अपराधी पहुंचा और एक युवक के सीने पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया। युवक के साथ उसका दोस्त भी था। आदतन अपराधी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में दोनों घायल युवकों को महारानी अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया गया है। इधर पुलिस ने आदतन अपराधी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक शहर के प्रवीर वार्ड निवासी सुमित पांडे और पावर हाउस चौक निवासी धीरज ठाकुर गोवर्धन चौक के पास सैलून में बैठे थे, जहां सुमित शेविंग करवा रहा था और धीरज बेंच पर बैठा था। इसी बीच आदतन अपराधी आसना के तामाकोनी निवासी अमित शर्मा आया और हाथ में धारदार चाकू से सुमित के सीने पर जोरदार हमला करने लगा। जैसे ही सुमित पर आदतन अपराधी अमित शर्मा ने हमला किया, धीरज ने सुमित को बचाने का प्रयास किया, जिसमें आदतन अपराधी अमित शर्मा ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया, जिससे उसके पेट में गहरी चोट आई है। दोनों घायल युवकों को महारानी अस्पताल लाया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज कर उन्हें मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया गया है।
इधर दोनों पर हमला करने के बाद सैलून में अफरातफरी मची तो आदतन अपराधी अमित शर्मा मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है। शहर में चाकूबाजी की घटना के बाद महारानी अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। इस घटना के साथ ही शहर में पुलिसिंग पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
शहर में एक आदतन अपराधी खुलेआम घूम रहा है और पुलिस उसके खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बताया जाता है कि आदतन अपराधी अमित शर्मा के खिलाफ पूर्व में भी दर्जनों अपराध दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, मारपीट, रंगदारी सहित कई मामले दर्ज हैं। हर बार गिरफ्तार होने के बाद उसे न्यायालय से जमानत भी मिल चुकी है, जहां बाहर आकर वह वापस शहर में अपराधों को अंजाम दे रहा है। इन हालातों में पुलिसिया कार्रवाई भी फेल साबित हो रही है।
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि शहर को अपराध मुक्त बनाए रखने का प्रयास जारी है। ऐसे गुण्डा – बदमाश तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
