कोंडागांव__
– फागू यादव
कोण्डागांव, 14 अप्रैल 2025:
डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर कोण्डागांव के स्थानीय ऑडिटोरियम में सामाजिक समरसता दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अम्बेडकर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हुई। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक मूल्यों से ओतप्रोत हो गया।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केन्द्र शुरू करने की योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक विकासखण्ड से चयनित 10-10 ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं सीएससी सेवा प्रदाताओं के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस सेवा का शुभारंभ आगामी 24 अप्रैल, पंचायत राज दिवस को किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ‘मोर दुवार साय सरकार’ महाभियान की जानकारी भी साझा की, जो 15 से 30 अप्रैल तक चलेगा, और इसमें छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि अब ग्राम पंचायतों में सीएससी और वीएलई सेवाएं शुरू होने से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की राशि की निकासी गांव में ही संभव होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी भी दी।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने डॉ. अम्बेडकर के योगदान को याद करते हुए सामाजिक समानता और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने बाबा साहब के जीवन संघर्षों और उपलब्धियों को साझा किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय जल मिशन के तहत जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें उपस्थित सभी नागरिकों ने जल को अनमोल संपदा मानते हुए उसके संरक्षण और विवेकपूर्ण उपयोग की प्रतिज्ञा ली।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत नियुक्त पंचायत एंबेसडरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, समाज प्रमुखगण व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
