*त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्राधिकृत अधिकारियों की बैठक सम्पन्न* *पंचायत की मतदाता सूची का 24 अक्टूबर को होगा प्रारंभिक प्रकाशन* *दावा आपत्ति 24 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक समस्त ग्राम पंचायत भवनों में लिया जाएगा*

भानुप्रतापपुर, रिपुदमन सिंह बैस

भानुप्रतापपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कांकेर के निर्देशानुसार आज भानुप्रतापपुर के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सुश्री आस्था राजपूत के मार्गदर्शन में आज भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के सभी 52 ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्राधिकृत अधिकारी एवं सहायक ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक जनपद सभा कक्ष भानुप्रतापपुर में आयोजित की गयी। आज के प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए तहसीलदार एवं एईआरओ सुरेंद्र उर्वशा ने सभी को बताया कि 1 जनवरी 2024 अर्हता तिथि पर जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो गयी हों साथ ही साथ 1 जनवरी अर्हता तिथि को प्रकाशित भारत निर्वाचन आयोग की निर्वाचक नामावली में जिन मतदाताओं के नाम है उनका ग्राम पंचायतों के वार्डों में विभाजन का कार्य पूर्ण हो चुका है। मास्टर ट्रेनर्स टिकेश ठाकुर ने आज सभी प्राधिकृत अधिकारी को दावा आपत्ति के दौरान भरे जाने वाले विविध प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया को विस्तार से समझातंे हुए कहा कि यह निर्वाचन का कार्य अत्यन्त महत्वपूर्ण है इसे पूरे ईमानदारी से सभी समय सीमा के अंदर करें। दावा आपत्ति की जानकारी प्रतिदिन मतदान केंद्रों में चस्पा करें एवं निर्धारित प्रपत्र में अपने ईआरओ कार्यालय में भेजे। ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 24 अक्टूबर को किया जावेगा इसकी दावा आपत्ति 29 अक्टूबर को अपरान्ह 3 बजे तक लिया जावेगा। ऐसे मतदाता जिनका नाम भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में है उनका नाम यदि छुट गया हो उनका नाम प्रारूप क-1 में लिया जावेगा। यदि किसी मतदाता का वार्ड गलत हो गया हो उसका स्थानांतरण हेतु प्रारूप क में आवेदन होगा। किसी मतदाता के नाम आदि में सुधार हो तो प्रारूप ख में आवेदन होगा। इसी प्रकार किसी के नाम पर यदि कोई आपत्ति हो तो प्रारूप ग में आवेदन दिया जा सकता हैं। निर्वाचन प्रभारी अशोक ठाकुर ने कहा कि जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर में 52 ग्राम पंचायत में कुल 703 वार्ड में 8 फरवरी को भारत निर्वाचन आयोग की प्रकाशित सूची का वार्डों में विभाजन कर मतदाता सूची का निर्माण पूर्ण हो गया है। इसी मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन समस्त 52 ग्राम पंचायत भवनों में किया जावेगा। आज के बैठक में तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा, निर्वाचन प्रभारी अशोक ठाकुर,मास्टर ट्रेनर्स टिकेश ठाकुर, विकास अधिकारी राधेश्याम भास्कर के साथ साथ सभी सुपरवायजर,प्राधिकृत अधिकारी , ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित थे।