भरत भारद्वाज
फरसगांव – केशकाल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलगाँव में बुधवार को विराट दशहरा महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष व केशकाल के पूर्व विधायक संतराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ग्राम बेलगांव पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों ने प्रभु श्रीराम-लक्ष्मण और हनुमान जी की सुंदर झांकी के साथ पूर्व विधायक संतराम नेताम सहित उनके साथ पहुंचे अतिथियों को मंच पर आसीन कराया और स्वागत-अभिनन्दन किया। इस दौरान पूर्व विधायक संतराम नेताम ने दशहरा महोत्सव में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा की “यह पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। हम लोग हर साल रावण का वध करते है, परंतु इस पर्व की सार्थकता तभी है, जब हम काम, क्रोध, मद, लोभ रूपी रावण, जो हमारे मन में है, उसका वध करें।”कार्यक्रम के दौरान संतराम नेताम ने रावण के पुतले का दहन करने पर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया, वहीं उपस्थित सभी लोगों को दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। रावण दहन पर जोरदार रंग-बिरंगी आतिशबाजी की गई, जिससे उत्सव का माहौल रहा। उपस्थित सभी लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न हर्षोल्लास से मनाया।
