रिपूदमन सिंह ठाकुर

छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी व चारामा के नवपदस्थ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के उपर जनपद पंचायत चारामा के पूर्व उपाध्यक्ष नरेंद्र साहू ने बेहद गंभीर आरोप लगाया है । उन्होनें जिला मुख्यालय कांकेर मे मंगलवार 3 सितंबर को आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में मामले की शिकायत भी कर दी है । उन्होने अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने शिकायत पत्र में लिखा है कि उन्हें 2 सितंबर को अधिकारी के द्वारा अपने सरकारी कार्यालय में बुलवाकर उस पर एफआईआर दर्ज करवाकर पुलिस से पिटवाने,जेल भेज देने और देख लेने तक की धमकी दी गई है । उन्होनें कहा है कि अधिकारी के द्वारा इस तरह की धमकी देकर उसे मानसिक रुप से प्रताड़ित किया जा रहा है । घटना के बाद से वे और उनका परिवार पूरी तरह से भयभीत हैं । इसलिए उन्होने कलेक्टर कांकेर से जनदर्शन कार्यक्रम में शिकायत करते हुए घटना से अवगत कराया है । वहीं उनके साथ निकट भविष्य में किसी भी प्रकार की घटना दुर्घटना होती है तो उसके लिए उक्त अधिकारी को दोषी करार देने का आग्रह किया गया है और अधिकारी की धमकी व इस शिकायत पत्र की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्यवाही करने की मांग की गई है । वहीं 7 दिवस के भीतर कार्यवाही नही की जाती है तो ऐसी स्थिति में धरना प्रदर्शन करने की भी बात कही गई है । जिसकी समस्त जवाबदेही शासन-प्रशासन की मानी जाएगी ।
