फागु यादव
कोण्डागांव, 11 अगस्त 2024: गीतांजलि म्यूजिकल ग्रुप और रफी फैन्स क्लब द्वारा आयोजित संगीत संध्या में मोहम्मद रफी और किशोर कुमार के अमर गीतों की धुनों ने शहर को झुमा दिया। स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीधर पाणीग्राही, सुरेन्द्र आचार्य और नलीन पांडेया द्वारा मां सरस्वती की छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। सिद्धार्थ पाणिग्रही ने रफी साहब के गीत ‘सुख के सब साथी दुख में ना कोई’ से कार्यक्रम की शुरुआत की। गीतांजलि म्यूजिकल ग्रुप के दुष्यंत डाली ने किशोर कुमार के हिट गीतों को प्रस्तुत किया।
शंकर सरकार ने किशोर कुमार के ‘ओ मुकद्दर का सिकंदर’ गीत को गाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। राजेंद्र नायर, अशोक बघेल, अमन कोहली, अमित दास, जयेश, लक्ष्मी कुंजाम जैसे युवा गायकों ने भी अपनी मधुर आवाज से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
तरुण पाणिग्रही के संगीत निर्देशन में प्रणव चटर्जी, भूपेश पाणिग्रही, सिद्धार्थ वैष्णव, नवनीत वैष्णव, टिंकू पटनायक, शिवम गांधी और वकार खान जैसे संगीतकारों ने संगीत की बेहतरीन प्रस्तुति दी। सेवानिवृत्त शिक्षक आर.के. जैन ने कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन किया।
रफी फ्रेंड्स क्लब के संयोजक वीरेंद्र दुग्गड और उनके सहयोगी खिरेन्द्र यादव ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। मधुर साउंड सर्विस कोण्डागांव के साउंड ऑपरेटर आलोक भट्टाचार्य ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
यह संगीत संध्या पुराने सुनहरे जमाने की यादों को ताजा करने का एक शानदार अवसर थी।
