फागू यादव
कोंडागांव, 08 अगस्त 2024: छत्तीसगढ़ शासकीय लघु वेतन कर्मचारी संघ एवं वाहन चालक यांत्रिकी कर्मचारी संघ कोंडागांव ने आज जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में संघ ने मांग की है कि जिला में संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं ताकि कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जा सके।
संघ का कहना है कि वर्ष 2019 के बाद से जिला में इस तरह की कोई बैठक आयोजित नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों को काफी परेशानी हो रही है। संघ ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि प्रत्येक तीन महीने में विभागीय स्तर पर और नियमित रूप से कलेक्टर कार्यालय में परामर्शदात्री समिति की बैठकें आयोजित की जाएं।
संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को बताया कि कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण समस्याएं लंबित हैं और इनका समाधान नहीं हो पा रहा है। संघ ने उम्मीद जताई है कि कलेक्टर उनके इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करेंगे और सभी विभागों को कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश देंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में आर. के. नायर (महामंत्री, वाहन चालक यांत्रिकी संघ), चमन लाल वर्मा (प्रांतीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष, लघु वेतन कर्मचारी संघ), लखेश्वर बघेल (प्रांतीय सचिव, वाहन चालक संघ), मनहेर नेताम, जावेद खान और आशीष सिंह शामिल थे।
