धमतरी , रिपुदमन सिंह बैस
09 अगस्त को पूरे विश्व भर में विश्व आदिवासी दिवस मनाया जायेगा। इस अवसर पर जिला धमतरी में भव्य कार्यक्रम होने की संभावना है। बता दें कि जिला धमतरी में रोटेशन वाइस अलग-अलग तहसीलों में कार्यक्रम होता है, इस बार जिला मुख्यालय धमतरी के पुरानी कृषि उपज मंडी में यह कार्यक्रम होने जा रहा है।
इस कार्यक्रम में आकर्षण का केन्द्र आदिवासी संस्कृति, डांग-डोली, झांकी तथा मुख्य आकर्षण का केन्द्र जोहार आदिवासी कला मंच की ओर से लगनी वाली प्रदर्शनी होगी। जिला में यह पहली बार है जब आदिवासी कलाकार एक मंच के नीचे आकर अपनी प्रतिभा से जन समुदाय को परिचित करायेंगे।
जोहार आदिवासी कला मंच के जिलाध्यक्ष माईक्रो आर्टिस्ट, लेखक भानुप्रताप कुंजाम ने बताया कि यह प्रयास जोहार आदिवासी कला मंच छत्तीसगढ़ के बैनर तले किया जा रहा है। जोहार मंच आदिवासी समुदाय के प्रतिभावान् साथियों को एक मंच पर लाने के लिए विगत कई वर्षों से कार्य कर रहा है और समय-समय पर कार्यक्रम भी कराते रहता है, उसी का एक अंग कला प्रदर्शनी भी है। कला प्रदर्शनी के माध्यम से कलाकारों का हौसला अफ़ज़ाई करना तथा रोजगार के लिए एक माध्यम के रूप में कार्य करना जोहार मंच का उद्देश्य है। उन्होंने आगे कहा कि जोहार मंच प्रदेश स्तर पर प्रतिवर्ष भव्य वार्षिक सम्मान समारोह और कला महोत्सव का आयोजन भी करता है ताकि आदिवासी समुदाय के हर कोने का कलाकार, प्रतिभावान साथी वर्ष में एक बार एक मंच पर आकर अपनी अद्भुत कार्यों को लोगों को दिखा सकें।
