नवनीत चांद ने कोंडागांव में जनसमस्याओं पर की चर्चा, बनाई बस्तर के विकास की योजना

फागु यादव

कोंडागांव, 07 अगस्त 2024: जनता कांग्रेस जोगी पार्टी के संभाग अध्यक्ष और बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के प्रमुख संयोजक नवनीत चांद ने आज कोंडागांव में स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने नगरीय और पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ रेस्ट हाऊस में एक बैठक की और उन्हें जरूरी टिप्स दिए।

बारिश के दौरान बस्तर की बदहाल स्थिति पर नवनीत चांद ने कांग्रेस और सत्तासीन भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कुछ घंटे की बरसात में बस्तर के प्रमुख शहरों में जनजीवन प्रभावित हो जाता है, जिससे साफ होता है कि सत्ता में रहने वाली पार्टियां अब तक विकास का कोई ठोस सपना नहीं दिखा पाईं। नवनीत ने कहा कि बस्तर के जिलों में समस्याओं के समाधान के लिए योजनाबद्ध संघर्ष की रणनीति बनाई जाएगी और जनता को दिशा देने की जरूरत है।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता कांग्रेस और मुक्ति मोर्चा बस्तर के विकास के लिए समर्पित हैं और आगामी नगरीय तथा पंचायत चुनावों में अपनी पूरी भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा, कोंडागांव के किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए मक्का प्रोसेसिंग प्लांट की शीघ्र शुरुआत का अनुरोध जिला प्रशासन से किया गया।

बैठक में शंकरलाल नेताम, भारत कौशिक, चामसिंह कश्यप, उदय भंडारी, अगेश नेताम, विनोद शोरी, रामधर मंडावी, चंदन नेताम, पीलू विश्वकर्मा, जोदु नेताम, लखीधर नाग, सुकालु बघेल, शामू शोडी, दिनेश शोड़ी, और फूलसिंह विश्वकर्मा उपस्थित थे।