संकुल स्तरीय मेगा पालक शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

संकुल स्तरीय मेगा पालक शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्रीमती सुमित्रा मारकोले, पूर्व विधायक कांकेर उपस्थित थीं। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती सरोज ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष कांकेर, श्री शिशुपाल शोरी, पूर्व विधायक कांकेर, श्री भरत मटियारा, पूर्व राज्य मंत्री, मत्स्य प्राधिकरण, कलेक्टर कांकेर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, डॉक्टर श्रीमती अलका, प्रोफेसर, श्री दीपक साव, आर.आई. पुलिस विभाग, श्री अशोक पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी कांकेर, और श्री सुमित अग्रवाल, जिला पंचायत अधिकारी शामिल थे।

विशेष उपस्थिति में श्री धर्मेन्द्र मेश्राम, जिला नोडल अधिकारी, कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग, संकुल प्राचार्य श्रीमती रचना श्रीवास्तव और अभिभावकगण सम्मिलित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात शिक्षक श्री होशांग श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण और पालक शिक्षक सम्मेलन के उद्देश्य का वाचन किया। संकुल समन्वयक माहुरबंदपारा श्री शम्भू राम शोरी ने संकुल की उपलब्धियों से अतिथियों और अभिभावकों को अवगत कराया।

शिक्षक श्री गिरीश मंडावी, शालिनी डोंगरे, पूजा शर्मा और टीकाराम साहू ने राज्य से निर्देशित 12 बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की। इसके अतिरिक्त, शिक्षक श्रीमती ओशीम ने नई शिक्षा नीति 2020 की जानकारी प्रदान की। मंच संचालन श्री गिरीश मंडावी ने किया और छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी श्री विनोद जॉन ने दी।

पूर्व मेधावी छात्राओं कु. प्राची दुबे और कु. वर्षा चंद्राकर ने अपने अनुभव साझा किए, और डॉक्टर श्रीमती अलका ने मानसिक स्वास्थ्य और मनोविज्ञान पर जागरूकता बढ़ाई। आर.आई. पुलिस विभाग के श्री दीपक साव ने ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी।

कलेक्टर कांकेर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने अभिभावकों और छात्रों को UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया और अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत सभी अतिथियों और अभिभावकों को शपथ ग्रहण कराया गया।

अंत में, प्रधान अध्यापक श्री जगदीश प्रसाद सोनी ने सभी उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस सफल आयोजन के लिए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।