कोंडागांव का गौरव! बड़े बेंद्री स्कूल ने राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में जीता पहला स्थान

 फागु यादव

कोंडागांव जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े बेंद्री ने बस्तर संभाग के जगदलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इस चार दिवसीय प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र बीरेंद्र यादव ने प्लास्टिक अपशिष्ट से बायोफ्यूल बनाने पर आधारित एक अभिनव मॉडल प्रस्तुत किया।
बीरेंद्र का यह मॉडल ‘समाज के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी’ विषय के अंतर्गत ‘पर्यावरण के लिए जीवन शैली’ उपविषय में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रहा। विद्यालय के प्राचार्य शिवकुमार तिवारी और व्याख्याता अंकित गुप्ता के मार्गदर्शन में बीरेंद्र ने यह उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने बीरेंद्र को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे कोंडागांव जिले के लिए गौरव का विषय है। बीरेंद्र का यह आविष्कार पर्यावरण संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।