कोंडागांव के कई दुकानों व होटलों में खाद्य सुरक्षा अधिकारी का छापा, उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को किया नोटिस जारी

फागु यादव

*कोंडागांव 27 जुलाई 2024:* खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी डी के देवांगन ने 27 जुलाई को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा के मानकों उल्लंघन पाया गया है। निरीक्षण के दौरान किराना दुकानों, होटलों, ढाबों, डेयरी आदि में दूध, पनीर, दही, मसाले तेल, नमकीन, बिस्कुट आदि के नमूने लिए गए और मौके पर ही चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से जांच की गई। इस दौरान लक्ष्मी प्रोविजन स्टोर्स कोंडागांव में एक्सपायरी खाद्य सामग्रियां छोले मसाले, पानी पुरी मसाला, ब्रिटानिया बिस्किट, जिम जाम बिस्किट, राजश्री चाय पाई गई जिसे मौके पर नष्ट कर संचालक को नोटिस भेजा गया है। वही झा हाईवे होटल कोंडागांव में बहुत ही गंदगी और अस्वच्छ वातावरण में खाद्य सामग्रियों को रखना और रसोई संचालन करते पाया गया जिस पर उन्हें नोटिस जारी कर खाद्य अनुज्ञप्ति निलंबन की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा इलियास किराना स्टोर्स कोंडागांव में खाद्य सामग्रियों की रखरखाव में अव्यवस्था और साफ सफाई में कमी पाई गई इसके संबंध में संचालक से जवाब मांगा गया। फ़रसगांव के पंकज किराना स्टोर्स में भारी मात्रा में एक्सपायरी हो चुके मसाले, सोनपापड़ी, बिस्कुट आदि सामान पाया गया जिसे मौके पर ही नष्ट करने की कार्रवाई की गई। इसी तरह कैफे वन एंड ओनली बोरगांव केशकाल से एक्सपायरी हो चुके सॉस, विनेगर, मॉकटेल, स्टिंग जैसे अन्य खाद्य एवं पेय पदार्थों को नष्ट करवाया गया है साथ नोटिस भेज कर जवाब मांगा गया। निरीक्षण के दौरान दिलदार ढाबा बहीगांव में खाद्य अनुज्ञप्ति/ पंजीयन नहीं पाया गया जिस पर उनके विरुद्ध बिना खाद्य अनुज्ञप्ति/ पंजीयन खाद्य कारोबार करने का प्रकरण बनाया गया है।