यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

काँकेर । सुप्रसिद्ध समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” के सदस्य अपने अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के नेतृत्व में जब स्वच्छता अभियान के तहत अन्नपूर्णा पारा स्थित मुक्तिधाम पहुंचे ,तो वहां गंदगी तथा कचरे के बड़े-बड़े ढेर देखकर हैरान रह गए। प्रथम दृष्टि में ही ऐसा लगा कि यह कार्य एक दिन में होने वाला नहीं है। इसमें 4 सप्ताह भी लग सकते हैं लेकिन संस्था के सदस्यों ने संकल्प कर लिया कि जब हमने स्वच्छता अभियान प्रारंभ कर ही दिया है ,तो इस मुक्तिधाम को पूर्णतः स्वच्छ करके ही रहेंगे ।अजय पप्पू मोटवानी के नेतृत्व में साफ़ सफ़ाई तुरंत प्रारंभ कर दी गई , जिसमें संस्था के सदस्य जितेंद्र प्रताप देव, बल्लू राम यादव, करण नेताम , प्रवीण गुप्ता, दोमेश वलेचा, शुभम् सिंह राजपूत आदि के अलावा बुजुर्ग नागरिक रमाकांत शर्मा भी शामिल हो गए और उन्होंने इसे अपना सौभाग्य माना । ज्ञातव्य है कि मुक्ति धाम एक लंबे अरसे से सफ़ाई के मामले में उपेक्षित रहा है लेकिन अब अब “जन सहयोग” संस्था के सामने आ जाने से आम जनता में विश्वास हो गया है कि हमारे काँकेर का मुक्तिधाम जैसा कि कुछ वर्षों पूर्व अत्यंत सुंदर और स्वच्छ था, जिसकी सुव्यवस्था से देखने वाले प्रभावित हो जाते थे ,वैसा ही पुन: हो जाएगा। आज ही यहां स्थित कचरे की बहुत बड़ी मात्रा का निपटान कर दिया गया और आगे ज़रूरत पड़ी तो ट्रैक्टर ,जेसीबी आदि का सहारा भी लिया जाएगा। मुक्तिधाम को पहले की तरह एक बगीचे का रूप दिया जाएगा। सड़कें, पगडंडियां सुधारी जाएंगी, शेड तथा जल आदि की पर्याप्त व्यवस्था भी की जाएगी । ये विचार “जन सहयोग ” संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी द्वारा व्यक्त किए गए। आज के इस स्वच्छता कार्यक्रम को देखकर अनेक नागरिकों ने “जन सहयोग ” संस्था की सराहना की है और अजय पप्पू मोटवानी सहित उनके सभी साथियों के संकल्प की हार्दिक प्रशंसा की है।
