विनोद जैन

बालोद। जिले में शनिवार को कई क्षेत्रों में हुई तेज बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी लौट आई है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को अच्छी बारिश होने से बड़ी राहत मिली है। बारिश के अभाव में फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ती जा रही थी, लेकिन तेज बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने की उम्मीद जगी है।
बारिश से धान सहित अन्य खरीफ फसलों को भी फायदा मिलने की संभावना है। खेतों में पानी पहुंचने से फसलों की सिंचाई को लेकर किसानों की परेशानी कम होगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस एवं गर्मी से राहत मिली।
किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ फसलों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह बारिश होती रही तो फसलों की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है। बारिश ने किसानों की चिंता काफी हद तक दूर कर दी है और कृषि कार्यों में भी तेजी आने की संभावना है।
