आर एस भटनागर
जगदलपुर। ऑनलाइन लेन-देन ने जहां लोगों का काम आसान कर दिया है, वहीं ठगी की सबसे ज्यादा घटनाएं भी इसी ऑनलाइन लेन-देन से ठग अंजाम दे रहे हैं। ऐसे ही अमेजन पे का फर्जी लेन-देन दिखाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो युवकों को बोधघाट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपियों ने आड़ावाल की एक कपड़ा दुकान से करीब 15800 रूपए की खरीदी की। वहीं दुकान के नाम पर 15 हजार रूपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन दिखाकर वे सामान लेकर चलते बने। जब दुकानदार के खाते में रकम नहीं आई तो उसे उसके साथ ठगी होने का एहसास हुआ और उसने पुलिस थाने में मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक 16 मई को आड़ावाल के न्यू सुंदर कलेक्शन कपड़ा दुकान में 3 युवक कपड़े व जूते खरीदने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सूट, टी-शर्ट व जूते खरीदे, जिसका बिल 15800 रूपए हुआ। तीनों युवकों ने क्यूआर कोड को स्कैन कर पेमेंट होने की बात कहते हुए मोबाइल पर अमेजन पे पर न्यू सुंदर कलेक्शन का नाम दिखाकर 15 हजार रूपए देने की बात कही, जबकि दुकानदार के फोन पे पर कोई भी रकम नहीं मिली।
इसके बाद आरोपी राठी एंड संस में भी कपड़े खरीदने पहुंचे, जहां उन्होंने 19500 रूपए की खरीदी कर क्यूआर कोड स्कैन कर फर्जी पेज दिखाकर सामान लेकर चलते बने। कुल 35300 रूपए की ठगी करने के बाद आरोपी चले गए। बाद में दोनों प्रार्थियों की शिकायत पर बोधघाट टीआई लीलाधर राठौर के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी किशन देवांगन 19 वर्ष व ओमप्रकाश बघेल 19 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में बोधघाट टीआई राठौर के साथ एसआई अरूण मरकाम, एएसआई सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक चोवादास गेंदले व आरक्षक विजय तिर्की व कामदेव शामिल थे।
