सामूहिक जवारों की भव्यता के साथ निकली शोभायात्रा, हजारों भक्तजन हुए शामिल पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद,जगह-जगह हुआ स्वागत-सत्कार, चलते रहे भंडारे

आशीष कुमार दुबे

नरसिंहपुर। सोमवार को नगर में सामूहिक जवारों की भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली गयी। इस अवसर पर पूरा नगर मां आदिशक्ति के जयघोषों से गूंज उठा। हर दुकान, आवासीय मकान और सड़क से लेकर मैदान तक जवारों एवं उनके साथ चल रही मातारानी की सौम्य प्रतिमा के दर्शन हेतु भरे हुए थे।
उमस भरी चिलचिलाती धूप में भी देवी भक्त विशेष तौर से महिलाएं दुकान, मकान के चबूतरों एवं छतों पर देवी
एवं जवारा दर्शन के लिये घण्टों खड़े रहे। इस शोभायात्रा का काफिला इतना बड़ा था कि एक स्थान से गुजरने में उसे आधे घंटे से भी ज्यादा का समय लग रहा था।

शहर का सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस आयोजन के लिये पूर्व से ही भारी तैयारियां कर ली गयीं थीं।नगर में जगह जगह स्वागत द्वारा बनाये गये थे जिसके साथ स्वागत तथा पूजन की व्यवस्था की गयी थी। शोभायात्रा में आगे आगे अखाड़ा तथातथा बड़ी संख्या में गालों में बाना छेदे अनेक देवी भक्त चल रहे थे जिसके बीच बैंड पर देवीगीतों की शानदार धुन बज रही थी। इसके पीछे ढोल देवी भगतों की धुन बजा रहे थे तथा महिलाएं
भगतों का गायन कर रही थीं। इसके पीछे सौम्य देवी प्रतिमा की आकर्षक झांकी थी एवं बड़ी संख्या में जवारा घट सिर पर रखे महिलाएं चल रही थीं। इस शोभायात्रा में देवी के परम्परागत बाने साथ लोग शामिल थे जिनमें से अनेक भाव में लीन होकर झूम रहे थे। वही वाहर से आए कलाकारों का डांस आकर्षक का केंद्र रहा। साथ ही विभिन्न झांकियां मनमोहक रहीं। वहीं हनुमान, भगवान शंकर, माता पार्वती बने पात्र एवं उप्र के मुख्यमंत्री योगी की वेशभूषा में जेसीबी पर सवार बालक जनाकर्षण का केन्द्र रहे। जहां जहां से भी यह विशाल जुलूस गुजरता लगता मानो समय भी इसके दर्शन के लिये ठिठक कर रूक गया हो। जहां जहां से मां की सवारी निकली, वहां के लोगों
ने पहले ही पानीं से सड़क को पवित्र कर दिया था नगर में इस शोभायात्रा के लिये जगह जगह पंडाल लगाये गये थे जिनमें सभी के लिये शीतल पेयजल, स्वल्पाहार, फलफूल, मिष्ठान, हलुआ पुडी आदि की व्यवस्था की गयी थी। कई स्थानों पर लोगों ने जवारों की पूजा अर्चना की

स्थापना का 26 वां वर्ष
नगर में चली आ रही गत 26 वर्ष की परम्परा को अक्षुण्य रखते हुए सामूहिक जवारा समिति के तत्वावधान में इस 26 वर्ष में भी श्रृद्धा एवं उत्साह के साथ जवारों की स्थापना की गयी थी जिनके साथ मां शक्ति की एक सौम्य प्रतिमा भी स्थापित की गयी थी। बैठकी के दिन से शुरू हुई शक्ति आराधना के पांचवें दिन पंचमी को स्थापित जवारों की 9 दिवस से भी अधिक चली अनवरत पूजा अर्चना के पश्चात शुक्रवार को उनकी शोभायात्रा निकाली गयी। यह शोभायात्रा प्रातरू 9 बजे से सदर देवी की मढिय़ा में विधि विधान के अनुसार पूजा अर्चना के बाद आरंभ हुई। पूर्वान्ह शुरू हुई यह शोभायात्रा नगरपालिका चौराहा
सुभाषपार्क चौक, पुराना बस स्टेण्ड से गुरूद्वारा, श्याम टाकीज, कामथ चौक, मुशरान पार्क से मुख्यमार्ग पर राममंदिर, गुदरी चौराहा, चरहाई, सिंहपुर चौराहा होती हुई सुभाषपार्क चौराहा पहुंची जहां से जवारा विसर्जन के लिये नर्मदा तट के लिये रवाना हुई।

आभार जताया:-
सामूहिक जवारे समिति के अध्यक्ष महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी ने नौ दिन तक चले कार्यक्रमों और शोभायात्रा में हर स्तर का सहयोग देने के लिए सभी संबंधितों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि सभी के रचनात्मक सहयोग के कारण ही यह आयोजन व्यापक और सफल बन पाता है।