आर एस भटनागर
जगदलपुर।
प्रथम चरण में छत्तीसगढ़ में एकमात्र बस्तर लोकसभा सीट में होने वाले चुनाव में नामांकन पत्रों की संवीक्षा व नाम वापसी के बाद कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। परंपरागत रूप से मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस के बीच ही है। भाजपा ने लोकसभा प्रत्याशी के रूप में महेश कश्यप के नाम की घोषणा काफी पहले 2 मार्च को कर दी थी, कांग्रेस के प्रत्याशी का नाम होली के त्यौहार के एक दिन पहले ले दे कर घोषित हुआ, नतीजतन प्रचार प्रसार में, क्षेत्र में जनता के बीच पहुंचने में भाजपा अब भी आगे ही चल रही है।
भाजपा के बस्तर लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप ने रविवार को कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँच कर मण्डल व बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक ली, उनसे मुलाकात की। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व विधायक लता उसेण्डी एवं बस्तर लोकसभा प्रभारी महेश जैन की उपस्थिति में महेश कश्यप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि बस्तर को कांग्रेस मुक्त बनाना है। केन्द्र की मोदी सरकार की अनेक जनकल्याण कारी योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुँचा है। देश को समृद्ध बनाने व विकास के लिये केन्द्र में लगातार तीसरी बार मोदी सरकार का निर्वाचित होना आवश्यक है। भाजपा के समस्त कार्यकर्ता राष्ट्र का गौरव बढा़ने के लिये परिश्रम करते हैं। प्रदेश में तीन महीने के कार्य अवधि में ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनता से किये वादों को पूरा कर मोदी की गारंटी को साकार किया है।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेण्डी ने कहा कि भाजपा के ऊर्जावान कार्यकर्ता ही पार्टी की शक्ति हैं। केन्द्र में फिर से मोदी सरकार को स्थापित करने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ मेहनत करनी है। एक एक बूथ को सशक्त बनाने बूथ स्तर के मतदाताओं, रहवासियों से जीवंत संपर्क बनायें, लाभार्थियों से मुलाकात करें, केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के विकास कार्यों व योजनाओं के साथ जनता जनार्दन के मध्य जायें।
भाजपा के बस्तर लोकसभा प्रभारी महेश जैन ने केन्द्र में पुनः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।
भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र सामपुर,पल्ली, काटागाँव, राधना,दुबारा, माकड़ी,हीरापुर,झिनारी,अनतपुर, बीजापुर, मनेदा में कार्यकर्ताओं की बैठक ली और क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस मौके पर संजू पोयाम,बाल सिंह बघेल, गीतेश पाण्डेय आदि सहित भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
___________________
