यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

काँकेर । शहर की समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” का स्वच्छता अभियान आज शहर के उत्तरी छोर पर स्थित अलबेला पारा तक जा पहुंचा, जहां मातृ एवं शिशु चिकित्सा विभाग के आसपास बहुत अधिक कचरा एकत्र हो गया था, जिसके कारण शिशुओं को चिकित्सा हेतु लाने वाले ग्रामीण लोगों को बहुत तकलीफ़ हो रही थी। बैठने के लिए कोई साफ़ सुथरी जगह नहीं थी।” जन सहयोग ” समाजसेवी संस्था के साथियों ने सुबह यहां आते ही मातृ एवं शिशु अस्पताल तथा आसपास के परिसर की कई घंटे तक जमकर सफ़ाई की, जिस से लोगों को सहूलियत हो गई। कई गाड़ी कचरा साफ़ करने के पश्चात मातृ एवं शिशु हॉस्पिटल परिसर की तस्वीर ही बदल गई। जिसकी प्रशंसा अस्पताल स्टाॅफ के साथ मोहल्ले के निवासियों ने भी की। सफ़ाई अभियान में अलबेला पारा की पार्षद योगेश्वरी उईके ने भी साथ दिया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य भी अपने अध्यक्ष कौशल सिंह, संगठन सचिव टी के जैन, संयोग साहू तथा अन्य सदस्यों के साथ उपस्थित रहे। “जन सहयोग” की ओर से अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा धर्मेंद्र देव, शैलेंद्र देहारी ,बल्लूराम यादव, डॉक्टर श्यामदेव, प्रवीण गुप्ता, करण नेताम, भूपेंद्र यादव, दिनेश मोटवानी, धीरज ठाकुर तथा संजय ठाकुर की उपस्थिति उल्लेखनीय रही । अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने अपने संक्षिप्त वक्तव्य में कहा कि हमारा नारा है “जन सहयोग का एक ही सपना, सुंदर स्वच्छ शहर हो अपना” इस कल्पना को सरकार करने हेतु हम लोग लगातार लगे हुए हैं और आम जनता से मात्र इतना सहयोग चाहते हैं कि कचरा नदी में या नालियों में नहीं फेंक कर सही स्थानों पर एकत्र करें । नगर पालिका की वाहन सेवाओं का लाभ उठाएं। आप लोग इस तरह का थोड़ा सा भी सहयोग देंगे, तो अपना शहर स्वच्छ सुंदर हो सकेगा।” काँकेर शहर में “जन सहयोग ” के अध्यक्ष तथा उनके साथियों की इस कड़ी मेहनत तथा सच्ची लगन की सराहना की जा रही है।
