पत्नीहंता पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल, पत्नी के विवादों से परेशान होकर की हत्या

आर एस भटनागर

जगदलपुर। लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के घोटिया चौकी क्षेत्र में हुई अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। बताया जाता है कि सुधापाल के जंगल में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति ने पत्नी द्वारा हमेशा विवाद करने के कारण उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है।

मिली जानकारी के मुताबिक 14 नवंबर को सुधापाल में सुकबती बघेल के गुम होने की सूचना गागरू ने दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि 11 नवंबर से सुकबती लापता है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। इसी बीच सुधापाल के जंगल में एक महिला का शव मिला, जिसकी पहचान सुकबती के रूप में की गई।

बाद में परिवार व पड़ोसियों से पूछताछ करने पर पता चला कि उसका पति पंडरू लगातार उसके साथ विवाद करता था। ऐसे में हत्या की आशंका की सूई पंडरू की तरफ घूमने लगी और उसे पकड़ने पुलिस लगातार छापामार अभियान चलाने लगी और इसी बीच 21 नवंबर को आरोपी ने बोधघाट थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

बाद में इसकी सूचना घोटिया पुलिस को दी गई, जिस पर प्रधान आरक्षक ढोलू बघेल व आरक्षक लिटीराम मौर्य उसे घोटिया चौकी ले आए। यहां पूछताछ में आरोपी ने लोहे की छेनी से हत्या करने की बात कबूल की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।