फागू यादव
जिला मुख्यालय कोंडागांव के चिखलपुटी में स्थापित आइटीबीपी में आज भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल का 62वा बल स्थापना दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया है। बल स्थापना दिवस के अवसर पर डीआईजी राणा युद्धवीर सिंह ने बल का झंडा फहराते हुए फोर्सगीत के साथ झंडे को सैल्यूट किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय मुख्यालय के सेनानी राकेश कुमार, वरिष्ठ अधिकारीगण व अन्य हिमवीर उपस्थित रहे। डीआईजी राणा युद्धवीर सिंह ने इस मौके पर सभी हिमविरों एवं उनके परिवार जनों को बल स्थापना दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की है और कहा कि यह दिन हम सब हिमवीरों के लिए बहुत खास एवं गौरांवित करने वाला है। आज आइटीबीपी को राष्ट्र सेवा में 62 वर्ष हो गए हैं, इस बल के न जाने कितने जवानों ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर कर दिए। हमें अपने अमर हिमवीरों पर गर्व है और हम सभी उन शहीदों को नमन करते हैं। उल्लेखनीय है कि आईटीबीपी का गठन 1962 में किया गया था और इस बल की गिनती देश की श्रेष्ठ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में की जाती है। वर्तमान में यह बल लद्दाख के काराकोरम दर्रे से लेकर अरुणाचल प्रदेश के जाचेपला तक 3488 किलोमीटर लंबी भारत चीन सीमा की सुरक्षा का दायित्व बखूबी निभा रहा है।
