शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग से अनाचार करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

आर एस भटनागर

जगदलपुर। शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने अनाचार सहित पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वहीं गिरफ्तार कर आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक बोधघाट थाना प्रभारी के नेतृत्व में अनाचार के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महासमुंद निवासी राहुल उर्फ विक्की जगत 19 साल को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि आरोपी 1 अक्टूबर को नाबालिग को शादी का प्रलोभन देकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर चला गया। इसके बाद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी को गिरफ्तार करने उसकी तलाश करती रही। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर उसका पता चला और आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में बोधघाट टीआई कविता धुर्वे, एएसआई राजकुमार सिंह, सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक पवन श्रीवास्तव, आरक्षक सुरेश चंद्रवंशी, राकेश मंडावी, प्रकाश नायक, तिलोत्मा कश्यप शामिल थे।

Express MPCG