
आर एस भटनागर
जगदलपुर। अवैध रूप से ओडिशा से शराब ला रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से बड़े पैमाने पर अंग्रेजी शराब व नगद जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मुखबिर से पुलिस को मिली सूचना के आधार पर बोधघाट पुलिस की टीम रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां मुखबिर की निशानदेही पर दो युवकों से पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम डिलमिली निवासी मुंडोराम कर्मा 25 साल व मंगडूराम मंडावी 25 साल बताया। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली, उनके कब्जे से पुलिस ने 14.300 लीटर अंग्रेजी शराब (बीयर), जिनकी कीमत 2420 रूपए बताई जा रही है, जब्त की गई। इसके साथ ही उनके कब्जे से 1250 रूपए नगद भी मिले हैं।
आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में बोधघाट टीआई कविता धुर्वे, एएसआई कांतो पानी, प्रधान आरक्षक अनिल भारती, नंदकिशोर साहू, आरक्षक प्रकाश नायक, सीताराम, कमल कश्यप शामिल थे।
