दुर्गा मंडप, माता के भण्डारे में पहुंच रहे विधायक प्रत्याशी, जनता से जुड़ने का बना रहे अवसर

आर एस भटनागर

जगदलपुर। विधानसभा चुनाव के मध्य पड़ रहे बस्तर दशहरा व शारदीय नवरात्रि पर्व ने राजनीतिक दलों के प्रचार प्रसार की राह आसान कर दी है। राजनीतिक दल के प्रत्याशी दुर्गा पंडालों में दर्शन के लिये पहुंच रहे हैं और माता के भण्डारे में भी शामिल हो रहे हैं। अधिक से अधिक लोगों से भेंट मुलाकात का सुअवसर प्रत्याशियों को मिल रहा है और विधायक बनने की चुनावी दौड़ में भाग्य आजमा रहे सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी इसका लाभ उठा रहे हैं।

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक नवरात्रि पर्व की धूम हैं और अनेक स्थानों में भक्ति भाव से दुर्गा मां की प्रतिमा स्थापित की गयी है, जहाँ लोगों की भीड़ उमड़ रही है व माता के भण्डारे का आयोजन भी निरंतर हो रहा है। जगदलपुर विधानसभा के विधायक प्रत्याशी किरण देव ने मैत्री संघ, माहेश्वरी समाज, बंगीय समाज, ओरना कैम्प, धरमपुरा में दुर्गा मंडपों में मत्था टेका, ग्रामीण क्षेत्र में तुरेनार, मोरठपाल, हाटगुडा़, मारकेल, नानगूर आदि में दुर्गा पंडालों में पहुंचे और भण्डारे में भी सम्मिलित होकर प्रसाद वितरण किया।

चुनावी बयार के बीच त्यौहारों का उल्लास प्रत्याशियों के लिये उपयोगी हो गया है। विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में आगामी माह 7 नवंबर को मतदान होना है। प्रचार प्रसार के लिये प्रत्याशियों के पास गिनती के ही दिन शेष है,ऐसे में त्यौहारों में लोगों के बीच पहुंच कर अधिक से अधिक जनसंपर्क की नीति बना कर आगे बढ़ रहे हैं।

Express MPCG