चाकू लेकर लोगों को डरा रहे युवक को पुलिस ने पकड़ा, आर्म्स एक्ट में भेजा गया जेल


आर एस भटनागर

जगदलपुर। शहर में चाकू लेकर लोगों को डरा रहे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया है। शहर के हिकमीपारा में चाकू लेकर लोगों के डराने की शिकायत लोगों ने पुलिस से की। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही उसके पास से लोहे का चाकू भी जब्त किया है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ बस्तर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

मिली जानकारी के मुताबिक जगदलपुर शहर के हिकमीपारा में एक युवक द्वारा चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने की शिकायत पुलिस को मिली। इस पर सिटी कोतवाली टीआई लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान हिकमीपारा निवासी वैभव जारी 23 वर्ष के रूप में की गई है। पूर्व में भी मोहल्ले में इस तरह की घटनाएं वह कारित कर चुका है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अनंत बघेल, आरक्षक युवराज सिंह ठाकुर, रवि सरदार व भीगु कश्यप शामिल थे।

Express MPCG