आर एस भटनागर
जगदलपुर। गांजा का अवैध परिवहन करने वाले दो आरोपियों को नगरनार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से करीब 1.71 लाख का गांजा और 3100 रूपए नगद भी बरामद किया गया है। बताया जाता है कि दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर बस्तर के रास्ते उत्तरप्रदेश जाने की तैयारी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी साहिल कुमार 34 वर्ष व रवि वर्मा 22 वर्ष शामिल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना पर धनपूंजा के मंडी नाका के पास दो लोगों के पास एक बैग में गांजा होने की जानकारी मिली, जो बस का इंतजार कर रहे हैं। इस पर थाना प्रभारी शिवानंद सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। उनके कब्जे से पुलिस ने 17.170 किलो गांजा जब्त किया है।
आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (क) एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में टीआई शिवानंद सिंह के साथ एएसआई सतीश यादव, प्रधान आरक्षक विनोद यादव, रमेश पासवान, आरक्षक दसरू नाग, भास्कर भारद्वाज, जोगेश्वर कश्यप शामिल थे।
