यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर , समाजसेवी संस्था जन सहयोग के द्वारा आज अपने स्वच्छता अभियान के तहत काँकेर के ऐतिहासिक नरहर देव विद्यालय के मुख्य द्वार, शहीद स्मारक परिसर तथा घड़ी चौक में जोरदार सफाई की गई, जिसमें आसपास के दुकानदारों ने भी उत्साह पूर्वक सहयोग दिया। जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने अपने वक्तव्य में कहा है कि नरहर देव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हमारे जिले का सबसे बड़ा और उत्कृष्ट विद्यालय है। क्षेत्र की बड़ी-बड़ी हस्तियां अपने बचपन में यहीं पढ़ी लिखी हैं ,ऐसे ऐतिहासिक शतायु विद्यालय के मुख्य द्वार तथा आसपास इतना कचरा होना कोई अच्छी बात नहीं है, इसीलिए हमारी संस्था ने आज का अभियान यहीं से शुरू करने का निश्चय किया , साथ ही शहीद स्मारक परिसर तथा घड़ी चौक के आसपास भी बहुत अधिक कचरा देखकर वहां भी हम लोगों ने अच्छी तरह साफ़ सफाई कर दी है, जिसमें आसपास के दुकानदारों ने भी प्रभावित होकर हम लोगों को सहयोग देते हुए साफ़ सफाई में भाग लिया। अब आम जनता को भी आगे आना चाहिए और जितना भी बने, अपने घर आसपास तथा मोहल्ले में स्वच्छता रखनी चाहिए तभी हमारा शहर सुंदर शहर कहलाएगा। आज के स्वच्छता अभियान में अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा समाजसेवी राजेश चौहान, बल्लूराम यादव, शैलेंद्र देहारी ,प्रवीण गुप्ता ,उत्तम मिश्रा, भूपेंद्र यादव, पप्पू साहू, मोहन यादव तथा संत कुमार रजक , गजेंद्र ठाकुर,आदि उत्साही समर्पित सदस्यों ने भाग लिया। आसपास के व्यापारियों ने भी सहयोग देते हुए “जन सहयोग ” के स्वच्छता अभियान को अत्यंत प्रेरक बताया।
