भरत भारद्वाज
कोंडागांव – फरसगाँव नगर के कृषि मंडी कार्यालय में हुई चोरी के मामले में फरसगाँव पुलिस ने सफलता हासिल की है, पुलिस ने रिपोर्ट के चंद घंटों में ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है ।
थाना से मिली जानकारी अनुसार फरसगांव के कृषि उपज मंडी के क्षेत्र सहायक डोमार सिंह सिंहा के द्वारा थाना फरसगांव उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि दिनांक 05 और 07 अगस्त के मध्य किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उनके कार्यालय में कार्यालयीन कार्य हेतु रखे गए शासकीय कम्प्यूटर, प्रिंटर, टेबलेट एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को चोरी कर ले गया है । प्रार्थी के रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 73/2023 धारा 454, 380 भा.द.वी. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की कायमी के पश्चात संपत्ति संबंधी अपराधों में प्रभावी नियत्रंण के उद्देश्य से प्रकरण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक येदुवल्ली अक्षय कुमार के निर्देशन में त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रकरण के चोर और चोरी के सामान की पता तलाश हेतु क्षेत्र में मुखबिर तैनात किया गया । पता तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदेह के आधार पर फरसगांव निवासी शुभम नेताम पिता सुखचंद नेताम उम्र 28 वर्ष को हिरासत में लेकर वैज्ञानिक आधार पर पूछताछ किया गया , जो उक्त संदेही आरोपी के द्वारा अपराध घटित करना स्वीकार किया। तत्पश्चात उक्त आरोपी के कब्जे से चोरी किये गए एक नग कम्प्यूटर मानिटर, एक नग सीपीयू, एक नग प्रिंटर, एक नग टेबलेट, एक नग यूपीएस एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को आरोपी के घर से बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी के द्वारा अपराध घटित करना पाए जाने पर 10 अगस्त को गिरफ्तार किया गया है । आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में केन्द्रीय जेल जगदलपुर भेजा गया है।
सम्पूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक भापेन्द्र साहू थाना प्रभारी फरसगांव, एएसआई राजकुमार कोमरा, महिला प्रधान आरक्षक बीना मंडावी की उल्लेखनीय भूमिका रही ।
