*मुख्य सचिव ने कलेक्टर एवं अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की*

विनोद जैन

बालोद- मुख्य सचिव श्री विकासशील ने आज कलेक्टरों एवं अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर संपूर्ण राज्य में प्रगतिरत जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने कलेक्टरों एवं अन्य अधिकारियों को जल जीवन मिशन के कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। इस मौके पर मुख्य सचिव श्री विकासशील ने 23 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक की पालन प्रतिवेदन पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान की कार्यवाही, सोलर पम्प आधरित योजनाओं की प्रगति, स्त्रोत समस्या मूलक योजना एवं हर घर जल जिला पर चर्चा, जिला जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित मासिक बैठक की अद्यतन स्थिति, 55 एलपीसीडी/7 दिनों से कम जल प्रदाय की जा रही योजनाओं के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री सागर वर्मा एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।