*स्वच्छ भारत मिशन को ठेंगा: ट्रेंचिंग ग्राउंड छोड़ वार्ड क्रमांक 15 को बनाया कूड़ेदान, बदबू और बीमारियों के साए में जीने को मजबूर रहवासी*

विनोद जैन

बालोद – केंद्र और राज्य सरकार जहां एक ओर स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाकर शहरों को चमकाने के दावे कर रही है, वहीं हमारी नगर पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही इन दावों की धज्जियां उड़ाने में लगी है।

शहर का कचरा निर्धारित ट्रेंचिंग ग्राउंड में जाने के बजाय सीधे वार्ड क्रमांक 15 की खाली भूमि पर डंप किया जा रहा है। आलम यह है कि कभी साफ-सुथरा दिखने वाला यह इलाका अब बदबूदार डंपिंग यार्ड में तब्दील हो चुका है।

मौके की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बाउंड्री वॉल के किनारे क्विंटलों से प्लास्टिक, सड़ा-गला गीला कचरा और मलबा खुलेआम फेंका गया है।

बारिश के कारण यह कचरा सड़ रहा है, जिससे उठने वाली असहनीय दुर्गंध ने आसपास के रहवासियों का जीना मुहाल कर दिया है।

कचरे के इस ढेर पर पशुधन जहरीली पॉलीथिन निगलते नजर आ रहे हैं, जिससे बेजुबानों की जान पर भी संकट बना हुआ है।