कांकेर पुलिस थाना हुई हाईटेक: डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया ई-मालखाना का शुभारंभ, नई हाईटेक बस व तीन स्कॉर्पियो को दिखाई हरी झंडी

कांकेर पुलिस हुई हाईटेक: डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया ई-मालखाना का शुभारंभ, नई हाईटेक बस व तीन स्कॉर्पियो को दिखाई हरी झंडी

 

कांकेर छत्तीसगढ़ में पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में शनिवार को कांकेर में महत्वपूर्ण पहल हुई। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांकेर थाना में ई-मालखाना एवं बारकोड आधारित माल प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ किया तथा राज्य शासन द्वारा कांकेर पुलिस को उपलब्ध कराई गई एक हाईटेक बस और तीन नई स्कॉर्पियो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ई-मालखाना प्रणाली लागू होने के बाद अब थाने में जब्त किए गए हथियार, नकदी, वाहन, दस्तावेज, मोबाइल, मादक पदार्थ एवं अन्य केस प्रॉपर्टी का पंजीयन पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक जब्त सामग्री पर बारकोड टैग लगाया गया है , जिसे स्कैन करते ही संबंधित केस, जब्ती, जमा करने की तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी कंप्यूटर या मोबाइल स्क्रीन पर तुरंत उपलब्ध हो जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत सभी जब्त सामानों को बारकोड के अनुसार निर्धारित रैक और बक्सों में सुरक्षित रखा जाएगा। इससे वर्षों पुराने मामलों की जब्त सामग्री और साक्ष्यों को खोजने में आसानी होगी, रिकॉर्ड सुरक्षित रहेंगे तथा न्यायालय में आवश्यक साक्ष्य समय पर उपलब्ध कराना भी सरल होगा। ई-मालखाना से कागजी रजिस्टरों पर निर्भरता कम होगी और मालखाना प्रबंधन अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं जवाबदेह बनेगा।

कांकेर थाना में एक और नई पहल के तहत प्रत्येक विवेचना फाइल पर संबंधित विवेचना अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित किया गया है, जिससे प्रकरण से जुड़े पक्षकार सीधे संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकेंगे और जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य शासन द्वारा कांकेर पुलिस को प्रदान की गई एक हाईटेक बस एवं तीन नई स्कॉर्पियो वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों और डिजिटल तकनीक के उपयोग से पुलिस की कार्यक्षमता, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता, त्वरित कार्रवाई और आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय सुधार होगा।

कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि ई-मालखाना, बारकोड प्रणाली और नए वाहनों की उपलब्धता कांकेर पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे पुलिसिंग अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनेगी।