चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर। अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतिम और सुदूर ग्राम पंचायत हर्राकोडेर में आयोजित पारंपरिक मढ़ई मेला कार्यक्रम में विधायक विनायक गोयल ने सहभागिता करते हुए मां गंगादेई माता के चरणों में पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
मढ़ई मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक गोयल ने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी संस्कृति को सहेजने के साथ-साथ समाज में एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों का उत्साह और स्नेह देखकर विधायक गोयल भावुक हो उठे। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जो उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
आश्रम शाला का निरीक्षण, छात्राओं से किया संवाद
मढ़ई मेला के पश्चात विधायक गोयल ने शासकीय कन्या आश्रम शाला हर्राकोडेर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन, भोजन व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से खुले मन से चर्चा करते हुए उनकी आवश्यकताओं को समझा।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
छात्राओं के उत्साह और सीखने की ललक की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ये बेटियां समाज का भविष्य हैं और उनके सपनों को साकार करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, पूर्व मण्डल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
