चंद्रहास वैष्णव 
दरभा। क्षेत्र में विकास और जनकल्याण को नई गति देते हुए विधायक विनायक गोयल ने सोमवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल व्यवस्था से लेकर आवास योजनाओं तक, जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कोररासपारा में जल शुद्धिकरण इकाई का उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत पेरमारास के कोररासपारा में अत्याधुनिक जल शुद्धिकरण इकाई (वाटर रिमू) के उद्घाटन से हुई। इस प्रणाली के माध्यम से क्षेत्र में उपलब्ध आयरनयुक्त अशुद्ध पानी को शुद्ध कर सुरक्षित एवं मिनरल युक्त पेयजल में परिवर्तित किया जाएगा।
विधायक गोयल ने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और यह इकाई ग्रामीणों के स्वास्थ्य संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि इस तकनीक से जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और लोगों को बेहतर जीवन गुणवत्ता मिलेगी।
माड़ियापारा में प्रधानमंत्री आवास योजना का भूमिपूजन
इसके बाद विधायक ग्राम पंचायत करका के माड़ियापारा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए आवास का भूमिपूजन किया।
उन्होंने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गरीब परिवार को पक्का और सुरक्षित घर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि हितग्राहियों को शीघ्र लाभ मिल सके।
पेयजल संकट को लेकर टैंकर व्यवस्था का निरीक्षण
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए विधायक ने क्षेत्र में पानी टैंकरों के संचालन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन गांवों में जल संकट है, वहां नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी गांव में पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए और इसके लिए समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं।
समग्र विकास प्राथमिकता, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
अपने संबोधन में विधायक गोयल ने कहा कि दरभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर दिया कि राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष मानकदेई कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष हरिप्रसाद कश्यप, जनपद सदस्य रामसाय मौर्य, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अनंतराम कश्यप, पूर्व पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष लच्छन यादव, पूर्व जिला मंत्री बाबुल नाग, नकुल ठाकुर, महेश बघेल, सिताराम मौर्य, लक्ष्मी मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दरभा ब्लॉक में शुरू हुई ये विकास पहलें न केवल बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेंगी, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
