यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
काँकेर ।
समाज सेवी संगठन “जन सहयोग” ने एक बार फिर पहल करते हुए मरणासन्न हालत में पड़े हुए एक मनोरोगी को अस्पताल पहुंचवाया और इलाज करवा कर हर तरह से सहायता पहुंचा कर उसे नवजीवन प्रदान किया। घटना इस प्रकार बताई जाती है कि ग्राम गढ़ पिछवाड़ी निवासी गुरुजी रामशरण जैन ने फोन पर “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी को सूचना दी कि कृषि विज्ञान केंद्र के पास एक वृद्ध भूखा प्यासा मरणासन्न स्थिति में पड़ा हुआ है। शीघ्र राहत नहीं मिलने पर उसकी जान जा सकती है। इस समाचार के मिलने पर अजय पप्पू मोटवानी ने तत्काल क़दम उठाते हुए पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी एवं कोमलदेव अस्पताल को सूचित किया तथा अपनी टीम के साथ उस व्यक्ति की सेवा के लिए पहुंच गए । उसे अस्पताल में पहुंचाया, जहां मेडिकल स्टाॅफ ने तत्काल अपनी सेवा भावना का परिचय देते हुए “जन सहयोग” के अध्यक्ष तथा सदस्यों सहित मरणासन्न व्यक्ति को प्रभावी इलाज देते हुए उसे खतरे से बाहर कर दिया। अत्यधिक कमजोरी के कारण व्यक्ति ठीक से कुछ बोल भी नहीं पा रहा है, कभी सरोना तो कभी धमतरी शहर का नाम उसके मुख से सुना गया है। प्रयुक्त स्थान में यदि मरीज के कोई परिचित हों तो वे कोमलदेव अस्पताल काँकेर से संपर्क कर सकते हैं । आशा की जाती है कि “जन-सहयोग” तथा अस्पताल स्टाॅफ के सहयोग से नई ज़िंदगी पाने वाला वह व्यक्ति शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ होकर सरोना जा सकेगा। उपर्युक्त सेवा कार्य में “जन सहयोग ” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ,करण नेताम, पुलिस विभाग के प्रवीण ठाकुर तथा धनेश ध्रुव कांस्टेबल, कोमल देव अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर प्रीति पैकरा, स्टाॅफ नर्स संध्या नेताम, स्टाॅफ नर्स राजेश्वरी कश्यप, स्टाॅफ नर्स चंद्रकला साहू ,वार्ड बॉय लिमेन्द्र अरोसिया तथा वार्ड बॉय लक्ष्मण मंडावी आदि ने वृद्ध मनोरोगी की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी। संवेदनशील मानवीय व्यवहार एवं सेवा भावना की इस घटना की शहर में प्रशंसा की जा रही है।
