कोंडागांव ब्रेकिंग न्यूज__
फागू यादव, 
कोंडागांव, 03 मई 2025: ज़िले के केशकाल विधानसभा अंतर्गत विकासखंड बड़ेराजपुर की ग्राम पंचायत पीढ़ापाल (कुल्दाडिही) के ग्रामीण आज भी मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए तरस रहे हैं। यह क्षेत्र विगत 15 वर्षों से संचार व्यवस्था की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, जहां अब तक कोई मोबाइल नेटवर्क टावर स्थापित नहीं किया गया है।
गांव के कुल 11 वार्डों में रहने वाले किसान, विद्यार्थी, शिक्षक और आम ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है, क्योंकि डिजिटल शिक्षा के इस दौर में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क की भूमिका अत्यंत आवश्यक हो गई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। न तो अधिकारी क्षेत्र का दौरा करते हैं और न ही कोई योजना धरातल पर उतरती दिख रही है।
ग्रामीणों का यही कहना है कि जब तक प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं देंगे, तब तक गांव का समुचित विकास संभव नहीं है।
अब जरूरत है कि जिला प्रशासन और संचार विभाग इस दिशा में जल्द पहल करें ताकि ग्रामीणों को उनका अधिकार मिल सके और वे भी डिजिटल युग का लाभ उठा सकें।
