कांकेर में जीएसटी के वृत्त कार्यालय का हुआ शुभारंभ

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर। गुरूवार को कांकेर में एक समारोह में जीएसटी कार्यालय का शुभारंभ किया गया। जीएसटी के सहायक कमिश्नर टीआर ध्रुवे ने फीता काट कर कार्यालय का शुभारंभ करते कहा कांकेर में कार्यालय खुल जाने से व्यापारी भाईयों को अब जीएसटी संबंधित कामों के लिए धमतरी नहीं जाना पड़ेगा। इससे व्यापारी भाईयों का समय तथा पैसा दोनों की बचत होगी।

दुधावा रोड बरदेभाटा स्थित बाबूजी काम्प्लेक्स में शुरू हुए जीएसटी कार्यालय शुभारंभ के अवसर पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा को संबोधित करते धमतरी जीएसटी कार्यालय की सहायक कमिश्नर तथा कांकेर जीएसटी कार्यालय की प्रभारी अहिल्या शुक्ला ने कहा छत्तीसगढ़ शासन वाणिज्यिक कर विभाग ने जीएसटी अधिनियम लागू होने के पूर्व के अधिनियम के तहत बकाया प्रांतीय कर, प्रवेश कर, केन्द्रीयकर, वृत्तिकर व विलासिता कर से संबंधित बकाया राशि भुगतान की सरलता हेतु छग कर ब्याज एवं शास्ति निपटान योजना 2023 लागू की है। व्यापारी बंधु अपनी बकाया राशी का तत्काल भुगतान कर इस योजना का लाभ 31 मार्च तक उठा सकते हैं। योजना के तहत कर में 60 प्रतिशत की छुट दी गई है तथा केवल 40 प्रतिशत राशी जमा कर मामले का निपटारा किया जा सकता है। इसी प्रकार ब्याज में 90 प्रतिशत की छुट दी गई है। बकाया के ब्याज का 10 प्रतिशत जमा कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। वहीं शास्ति में 100 प्रतिशत की छूट योजना के तहत मामले का निपटारा करने पर प्रदान की है। कार्यक्रम को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजीव लोचन सिंह, कांकेर चेंबर आफ कामर्स अध्यक्ष दिलीप खटवानी, कैट के पदाधिकारी हाजी वली मोहम्मद ने भी संबोधित करते कहा लंबे समय से कांकेर में जीएसटी कार्यालय शुरू करने प्रयास किया जा रहा था क्योंकि वर्तमान में कांकेर के व्यापारियों को जीएसटी संबंधित कामों के लिए धमतरी जाना होता था। अब कांकेर में ही व्यापारियों के जीएसटी संबंधित काम हो जाएंगे। मंच संचालन सीए विक्रम देवनानी तथा अभार प्रदर्शन सिंध समाज के सचिव बलराम आहूजा ने किया। इस अवसर पर सिंध समाज अध्यक्ष राजा देवनानी, सीए इमरान खान, सीए दीपक बरनवाल के अलावा राधाकृष्ण मोटवानी, निर्मल माहेश्वरी, अजय चोपड़ा, गफ्फार खान, मो हनीफ, फारूख रिजवी, संतोष उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।