*होली पर किसानों को बड़ी सौगात* *साय सरकार देगी धान बोनस की राशि — मंडल अध्यक्ष डिगेश खापर्डे ने जताई खुशी*

भानु प्रतापपुर ,रिपुदमन सिंह बैस

भानुप्रतापपुर। होली पर्व से पहले छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने धान बेचने वाले किसानों को अंतर राशि (बोनस) का एकमुश्त भुगतान करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत लगभग 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में करीब 10 हजार करोड़ रुपये की राशि होली से पहले ट्रांसफर की जाएगी।
सरकार द्वारा यह भुगतान “कृषक उन्नति योजना” के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसके तहत किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से धान का मूल्य सुनिश्चित किया गया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य में रिकॉर्ड धान खरीदी हुई है, जिससे बड़ी संख्या में किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
किसानों को मिलने वाला लाभ
लगभग 25.24 लाख किसानों को मिलेगा पैसा
करीब ₹10,000 करोड़ की राशि सीधे बैंक खातों में जाएगी
धान का समर्थन मूल्य ₹3100 प्रति क्विंटल
प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक खरीदी का प्रावधान
भुगतान होली से पहले एकमुश्त
मंडल अध्यक्ष डिगेश खापर्डे ने जताई खुशी
भाजपा मंडल भानुप्रतापपुर के अध्यक्ष डिगेश खापर्डे ने राज्य सरकार के इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि साय सरकार किसानों के हित में लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य देना भाजपा की चुनावी गारंटी थी, जिसे सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रही है।
खापर्डे ने कहा कि होली से पहले किसानों के खातों में बोनस राशि पहुंचना किसानों के लिए किसी उपहार से कम नहीं है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है और आगे भी किसानों के विकास के लिए ऐसे निर्णय जारी रहेंगे।
त्योहार पर दोगुनी खुशियां
होली से पहले किसानों को इतनी बड़ी राशि मिलने से गांव-गांव में उत्साह का माहौल है। किसानों और उनके परिवारों के लिए इस बार की होली आर्थिक रूप से भी खुशहाल होने वाली है।

Express MPCG

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *