सामुदायिक सहभागिता से जल क्रांति की मिसाल बना ग्राम दण्डवन जल जीवन मिशन से बदली तस्वीर, अब हर घर में बहता है स्वच्छ पेयजल

कोंडागांव__

फागू यादव

कोंडागांव, 23 अप्रैल 2025: जिला मुख्यालय से 33 किलोमीटर दूर स्थित छोटा-सा गांव दण्डवन आज जल प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता की मिसाल बन चुका है। एक समय था जब गांव की महिलाएं सुबह 4 बजे उठकर मीलों दूर पानी लाने जाती थीं, लेकिन आज हर घर में नल से स्वच्छ जल उपलब्ध है।

इस परिवर्तन का श्रेय जाता है जल जीवन मिशन को, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2019 में शुरू किया गया था। मिशन के अंतर्गत दण्डवन में 132 घरेलू नल कनेक्शन (FHTC) लगाए गए, जिससे हर घर तक पाइपलाइन से जल आपूर्ति सुनिश्चित हो गई।

गांव की खासाबती, नीलबती, रामबती, भगवती और घसनी जैसी महिलाएं अब ‘जल वाहिनी’ के रूप में कार्यरत हैं। ये महिलाएं न सिर्फ जल की गुणवत्ता की निगरानी करती हैं, बल्कि जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर पूरे गांव को जागरूक कर रही हैं। इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है और उनका सामाजिक योगदान भी बढ़ा है।

ग्राम सरपंच श्री कृष्ण आधार नाग बताते हैं, “अब न हैंडपंप की लाइनें हैं, न जल संकट की चिंता। यह बदलाव न सिर्फ सुविधाजनक है, बल्कि गांव की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी बेहतर बना रहा है।”

गांव की जलापूर्ति प्रणाली का संचालन भी अब स्वयं ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा है, जिससे प्रणाली की स्थायित्वता और ग्रामीणों की जिम्मेदारी की भावना मजबूत हुई है।

ग्राम दण्डवन, आज न केवल ‘हर घर जल’ के सफल क्रियान्वयन का प्रतीक है, बल्कि यह दर्शाता है कि जब सरकारी योजनाएं जमीनी स्तर पर पहुंचती हैं और जनभागीदारी से जुड़ती हैं, तो असंभव भी संभव हो सकता है।

Express MPCG