कोंडागांव__
फागु यादव
आज बुधवार सुबह 10:00 बजे कोंडागांव जैन समाज के सैकड़ों लोगों ने ओसवाल भवन से एक शांतिपूर्ण रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। इस रैली का उद्देश्य मध्य प्रदेश के नीमच ज़िले की जावद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कछाला में जैन संतो पर हुए कायराना हमले के प्रति विरोध जताना और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की माँग करना था।
जैन समाज के अध्यक्ष हरीश जैन ने बताया कि 13 अप्रैल 2025 को जैन समाज के मुनिराज अपने विहार के दौरान ग्राम कछाला के हनुमान मंदिर में रात्रि विश्राम हेतु ठहरे थे। उसी रात कुछ असामाजिक तत्वों ने संतों से लूटपाट के इरादे से मारपीट की और उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। यह हमला न केवल जैन समाज की आस्था और विश्वास पर चोट है, बल्कि मानवीय मूल्यों, शांति और अहिंसा के सिद्धांतों का भी घोर अपमान है।
ज्ञापन में इस बात को भी रेखांकित किया गया कि जैन संत निःस्वार्थ और तपस्वी जीवन जीते हैं, जो किसी भी प्रकार की संपत्ति नहीं रखते। वे केवल शुद्ध शाकाहारी घरों से भिक्षा में भोजन ग्रहण करते हैं। इस दृष्टि से उन पर किया गया हमला निंदनीय और कायरतापूर्ण कृत्य है।
समाज ने प्रशासन से माँग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए तथा दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ़्तार कर उन पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। साथ ही यह भी माँग की गई कि जैन संतों के विहार के समय उनके लिए सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए जाएं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राजस्थान सरकार ने 25 जनवरी 2024 को एक आदेश जारी कर राज्यभर में जैन संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रावधान लागू किए हैं। जैन समाज ने आग्रह किया है कि ऐसा ही आदेश छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में भी लागू किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
