चंद्रहास वैष्णव
*बस्तर सांसद महेश कश्यप और NMDC स्टील प्लांट, नगरनार के कार्यकारी निदेशक व प्रमुख प्रमोद कुमार, प्रभावित ग्रामीणों को तिरपाल बांटते हुए*
बस्तर में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनके जीवन को फिर से पटरी पर लाने के लिए एनएमडीसी (NMDC) लगातार सहयोग कर रहा है। बाढ़ के दौरान ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के लिए जिला प्रशासन को चार जीवन रक्षक स्पीड बोट उपलब्ध कराने के बाद अब प्रभावित परिवारों को क्षतिग्रस्त मकानों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले तिरपाल वितरित किए जा रहे हैं। इस पहल से करीब एक हजार ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बाढ़ राहत एवं पुनर्वास कार्यों में NMDC के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ की आपदा के दौरान कंपनी ने बस्तरवासियों के लिए मजबूत सहारा बनकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि NMDC के चेयरमैन को समस्या से अवगत कराने पर तत्काल हरसंभव सहायता का आश्वासन मिला और चार स्पीड बोट उपलब्ध कराई गईं। सांसद ने कहा कि वर्तमान में भी जब बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का कार्य जारी है, तब NMDC आगे आकर सहयोग कर रहा है।
##प्रभावित गांवों में 400 तिरपाल वितरित##
25 और 26 सितंबर 2026 को आई बाढ़ के कारण इंद्रावती नदी के आसपास के गांवों में भारी जलभराव हुआ था। इससे कई परिवारों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए और प्रभावित परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई। ऐसे परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से NMDC की ओर से 18×24 फीट आकार के उच्च गुणवत्ता वाले तिरपाल वितरित किए जा रहे हैं।
28 अक्टूबर को जनपद पंचायत बस्तर के कृष्पाल गांव में NMDC के कार्यपालक निदेशक (ED) एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप की उपस्थिति में 200 तिरपाल वितरित किए गए। वहीं, 29 अक्टूबर को बड़े चकवा ग्राम पंचायत और घाटगनौरा गांव में कुल 200 तिरपाल बांटे गए। इस प्रकार अब तक 400 तिरपाल वितरित किए जा चुके हैं। शेष प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए 600 अतिरिक्त तिरपालों का वितरण प्रस्तावित है।
##ग्रामीणों के जीवन को फिर से संवारने में सहभागी बना NMDC##
NMDC स्टील प्लांट, नगरनार के कार्यपालक निदेशक एवं प्रमुख प्रमोद कुमार ने कहा कि बस्तर के लोगों ने प्राकृतिक आपदा का बहादुरी से सामना किया है और अब वे अपने जीवन को दोबारा संवारने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को फिर से अपना जीवन व्यवस्थित करने में सहयोग देकर NMDC को खुशी है।
##बाढ़ के दौरान भी उपलब्ध कराई थी राहत सामग्री##
बाढ़ के दौरान जलभराव में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए NMDC ने जिला प्रशासन को चार जीवन रक्षक स्पीड बोट उपलब्ध कराई थीं। इसके अतिरिक्त, प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राशन सामग्री और पेयजल का वितरण भी किया गया था। अब तिरपाल वितरण के माध्यम से कंपनी बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को राहत पहुंचाने और उनके पुनर्वास में प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर काम कर रही है।
