चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर/भानपुरी। बस्तर जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरी पुलिस ने चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, नकदी और किराना सामग्री सहित कुल 1 लाख 31 हजार 505 रुपये का सामान बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
##सिंचाई कॉलोनी से चोरी हुई थी बाइक##
पुलिस के अनुसार, करंदोला स्थित सिंचाई कॉलोनी निवासी शुभम गुप्ता ने थाना भानपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात उनकी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG17-KR-0143 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि करंदोला के छेपड़ापारा निवासी सागर कश्यप बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल चला रहा है, जिसका वाइजर टूटा हुआ है। संदेह के आधार पर पुलिस ने युवक से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, गहन पूछताछ में उसने पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही कोंडागांव से बजाज पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करने और भानपुरी के एक पान ठेला-गुमटी से खाने-पीने का सामान तथा नकदी चोरी करने की बात भी बताई।
##दो बाइक और अन्य सामान बरामद##
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में दोनों मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद कर जब्त किया। जब्त सामग्री में पैशन प्रो मोटरसाइकिल की कीमत 30 हजार रुपये, बजाज पल्सर की कीमत एक लाख रुपये, नकदी 355 रुपये तथा बिस्किट, साबुन, लाइटर, चॉकलेट और बीड़ी सहित 1,150 रुपये का सामान शामिल है। कुल बरामदगी की कीमत 1,31,505 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर कश्यप (18 वर्ष 5 माह), पिता स्वर्गीय शंकर कश्यप, निवासी करंदोला छेपड़ापारा, थाना भानपुरी, जिला बस्तर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 29 अक्टूबर 2026 को न्यायालय जगदलपुर में पेश किया जाना है।
##वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई##
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भानपुरी संगम राम के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्ष कुमार धुरंधर एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक कमलेश्वर प्रजापति के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच और आरोपी की पतासाजी की।
पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
